Wednesday, October 21st, 2026

PM मोदी ने दिल्ली AIIMS में लगवाया कोरोना का टीका

नई दिल्ली
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने राजधानी दिल्ली के AIIMS में कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। वैक्सीन लगवाने के साथ ही पीएम मोदी ने सभी लोगों से भारत को कोविड-19 मुक्त करने में योगदान देने की अपील भी किया।

टीका लगाकर पीएम ने किया देशवासियों से यह आग्रह
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, "मैंने एम्स में कोविड-19 वैक्सीन का पहला डोज ले लिया। कोविड-19 के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने में हमारे डॉक्टरों और वैज्ञानिकों ने जितनी तेजी से काम किया, वह उल्लेखनीय है।" पीएम ने लोगों से वैक्सीन लेकर भारत को कोविड महामारी से मुक्त करने में सहयोग की गुहार लगाई। उन्होंने कहा, "मैं उन सभी से वैक्सीन लेने का आग्रह करता हूं जो इसके लिए योग्य हैं। आइए, हमसब मिलकर भारत को कोविड-19 मुक्त बना दें।"


आज से टीकाकरण का दूसरा चरण शुरू
देश में आज से कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। अब 60 साल से ज्यादा उम्र के लोग और अन्य बीमारियों से पीड़ित 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग वैक्सीन ले सकेंगे। सरकार ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। खास बात यह है कि इस बार सरकारी के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। निजी अस्पतालों में वैक्सीन के एक डोज की कीमत केंद्र सरकार ने अधिकतम 250 रुपये तय की है। सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन पहले की तरह फ्री रहेगी।

 

#वैक्सीन

Source : Agency

पाठको की राय